Spread the love

शिमला।भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस पार्टी के नेता सिर्फ नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर कह रहे हैं कि वे हिमाचल प्रदेश में सभी जगह नजरें गड़ाए बैठे हैं, इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के नेता नजरें गड़ाने के सिवा और कोई कार्य नहीं करना चाहते हैं।

जम्वाल ने कहा की कांग्रेस के नेतागण बताएं कि बूथ स्तर पर या मंडल स्तर पर कितने सेवा प्रकल्प कांग्रेस पार्टी ने शुरू किए। भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में विभिन्न सेवा कार्य किए, जिसमें राशन के पैकेट बांटना, राशन किट बांटना, मास्क वितरण करना, पीएम केयर फंड में राशि जुटाना और मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए धन संग्रह करना शामिल हैं। इसी प्रकार कांग्रेस पार्टी बताए कि कितने सेवा कार्य उन्होंने इस वैश्विक महामारी के समय किए हैं। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में केवल राजनीति चमकाओ अभियान चल रहा है, जिसके तहत कांग्रेस के सभी नेता बयानबाजी कर अपनी-अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं और आश्चर्यजनक बात यह है कि हर एक नेता का पक्ष अलग होता है। कोई कहता है कि बाहरी राज्यों से लोग आने चाहिए तो दूसरा कहता है कि नहीं आने चाहिए। कांग्रेस पार्टी पहले यह स्पष्ट करें कि वह चाहती क्या है, उनकी मंशा क्या है। उन्होंने कहा आज इस संकट की घड़ी में राजनीति छोड़ समाज सेवा करनी चाहिए, अपितु कांग्रेस के नेता केवल राजनीति कर रहे हैं और सेवा नहीं कर पा रहे हैं।

जम्वाल ने कहा कि पूरा विश्व जब इस महामारी से एक युद्ध लड़ रहा है तब कांग्रेस पार्टी केवल सरकारों और अन्य राजनीतिक दलों की गलतियां ढूंढने में लगी है कि किस प्रकार से वह देश और प्रदेश में नकारात्मक राजनीति कर सके और माहौल बिगाड़ सके। उन्होंने कहा कि जनता ने सब देखा है कि किसने सकारात्मक कार्य किया है और किसने नकारात्मक कार्य किए हैं, फैसला जनता ही लेगी । कांग्रेस को सीख लेनी चाहिए कि देशभर में कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व समाप्त होते जा रहा है। उनका कहना था कि कांग्रेस के पास आज ना तो नेता है ना ही नीति है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed