Spread the love

शिमला। स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो-साइंस (एनआइएमएचएएनएस) बेंगलुरु के सहयोग से 24 घंटे चलने वाली मनो-सामाजिक (साइकोसोशल) सपोर्ट हेल्पलाइन (80-46110007) की स्थापना की है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से 19 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। 
उन्होंने सभी उपायुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज बेंगलुरु के नंबर 80-46110007 का प्रचार-प्रसार करें। यह मानसिक हेल्पलाइन कोविड मरीजों, उनके परिवारों और आम लोगों को भी मानसिक और मनो-सामाजिक सहायता प्रदान करने में सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और तनाव व परेशानी को कम करने के लिए, सलाह व दिशा-निर्देश देने वाले आॅडियो-वीडियो और शिक्षाप्रद प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार की गई है, जो इस वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। 
उन्होंने बताया कि यह वैश्विक महामारी न केवल एक गंभीर चिकित्सा चिंता का विषय है, बल्कि यह लोगों में कई मानसिक स्वास्थ्य और मनो-सामाजिक परेशानियों को भी लेकर आई है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग अनेक प्रकार के भावनात्मक और व्यवहारिक मुद्दों के साथ-साथ तनाव, चिंता और भय का भी सामना कर रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि किसी भी मनो-सामाजिक सहायता की आवश्यकता होने पर, जरूरतमंद लोगों को हेल्पलाइन-104 या मनो-सामाजिक हेल्पलाइन की सहायता प्राप्त करनी चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed