????????????????????????????????????
Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को यहां दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) समर्पित कोविड अस्पताल में कोविड-19 के रोगियों के लिए तनाव से मुक्ति एवं सकारात्मक वातावरण उत्पन्न करने के उद्देश्य से म्यूजिक सिस्टम का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने बताया कि कोविड रोगियों की मनोदशा को सहज और सकारात्मक भाव उत्पन्न करने के लिए प्रत्येक वार्ड में इस प्रणाली के माध्यम से मनोरंजन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए इस प्रकार की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने संगीत सिस्टम के उपकरणों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल प्रबंधन को 60 हजार रुपए की राशि प्रदान करने के लिए शशिबाला सूद को आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोविड वार्ड के प्रत्येक कमरे में स्पीकर स्थापित किए गए हैं, जिसके माध्यम से कोविड रोगी समयबद्ध तरीके से सुबह-शाम ध्यान, योग, मंत्रों का जाप कर सकेंगे। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग संस्था इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इससे कोविड वार्ड में रोगी मानसिक अवसाद से बचने में सक्षम होंगे तथा सहज व सकारात्मक वातावरण में उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त मनोरंजनयुक्त गीत संगीत का भी वे इसके माध्यम से लाभ उठा सकेंगे।
सुरेश भारद्वाज ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि अस्पताल में उपचाराधीन अधिक से अधिक रोगियों को इस सिस्टम के माध्यम से मनोरंजन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रयोग यहां सफल होगा तो निश्चित तौर पर प्रदेश के अन्य अस्पतालों में भी कोविड रोगियों के मनोरंजन के लिए उपयोग में लाया जाएगा। 
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पूर्व में भी कोरोना संक्रमण से प्रभावित रोगियों के लिए इस अस्पताल में योग व प्राणायाम की श्वास क्रियाओं का ऑनलाइन कार्यक्रम आरम्भ किया गया था, ताकि उपचाराधीन व ठीक हो चुके रोगियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि उसे अपनाते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम प्रदेश के अन्य अस्पतालों में भी आरम्भ किए गए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये संगीत उपकरण दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों को तनावमुक्त व सहज वातावरण प्रदान करेंगे, जिससे रोगी जल्द स्वास्थ्य लाभ अर्जित करने में सक्षम होंगे। 
इस अवसर पर मण्डल महामंत्री गगन लखनपाल, सनातन धर्म सभा के सचिव विपक्ष श्रीधर, जिला भाजपा सचिव अजय शर्मा सहित चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रविन्द्र मोक्टा, डाॅ. राजेश राणा, डाॅ. एसएस नेगी, डाॅ. प्रवीण चौहान, नर्सिज व पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य गणमान्य उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *