शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर कोरोना आपदा से लड़ने के लिए प्रदेश के सभी ज़िलों में मेडिकल उपकरण भेज रहे हैं, जिससे कोरोना वॉरियर्स एवं मरीज़ों को काफ़ी मदद मिलेगी। अनुराग ठाकुर ने कोरोना की इस लड़ाई में हर ज़िले की आवश्यकता के अनुसार भेजे जाने वाले इन सामानों की विस्तृत जानकारी दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना आपदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकारें युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि जिससे जैसा बन पड़े, अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूसरों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोरोना से लड़ाई के लिए संसाधनों की कोई कमी न आए, इसलिए वे भी अपने निजी प्रयासों से प्रदेश के सभी ज़िलों में मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराने जा रहे हैं। इनमें, थ्री प्लाइ मास्क 2,00,000, ग्लव्स 25,000, ऑक्सीजन मास्क 6,000, नेजल कैनुला 250, एन-95 मास्क 50,000, फ़ेस शील्ड 10,000, पीपीई -किट 5,000, ऑक्सीजन रेगुलेटर 1,500, एनआरएम 3,200 और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर 100 शामिल हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि महामारी की इस गंभीर स्थिति में वे अपने संसदीय क्षेत्र के सभी ज़िला प्रशासन के साथ नियमित सम्पर्क में हैं। कोरोना के उपचार के दौरान हमीरपुर संसदीय में ऑक्सीजन की कोई समस्या न आए, इसके लिए सभी ज़िलों (कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर व ऊना) में ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर वितरित करने व तीन पीएसए ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगवाने का निर्णय लिया है, जिससे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी पांचों ज़िलों को लाभ पहुंचेगा।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में रह रहे प्रवासी हिमाचली भाई-बहन को कोरोना महामारी के इस दौर में आपातक़ालीन स्थिति में ऑक्सीजन कमी न हो, इसलिए उन्होंने अपने निजी प्रयासों से 50 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर यहां पर विभिन्न हिमाचली कल्याणकारी संस्थाओं को उपलब्ध कराए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में किसी भी परिस्थिति में पूरे सेवा भाव से वे सदैव उपलब्ध हैं।
