अरुण-3 और लोअर अरुण परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर नेपाल सरकार के मंत्रियों के साथ हुई चर्चा
शिमला। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भूपेंद्र गुप्ता ने नेपाल में कंपनी की जलविद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से काठमांडू में नेपाल सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं।
इस दौरान उन्होंने नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ तथा निवेश बोर्ड नेपाल (आईबीएन) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी यांकी उक्याब से मुलाकात की। बैठकों में वित्त सचिव, आईबीएन के संयुक्त सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एसजेवीएन की ओर से निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल तथा एसएपीडीसी एवं एसएलपीडीसी के सीईओ पंकज चौधरी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठकों में नेपाल में एसजेवीएन की 900 मेगावाट क्षमता वाली अरुण-3 जलविद्युत परियोजना, इससे जुड़ी 217 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन तथा 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर विशेष चर्चा की गई।
इस दौरान अरुण-3 परियोजना के शेष निर्माण कार्यों को गति देने, ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्याओं और वन स्वीकृतियों से जुड़ी बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त लोअर अरुण परियोजना की प्रारंभिक निर्माण-पूर्व गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।
नेपाल सरकार और एसजेवीएन प्रबंधन ने परियोजनाओं से संबंधित चुनौतियों का शीघ्र समाधान करने तथा निर्धारित समयसीमा में इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों और प्राधिकरणों के बीच बेहतर समन्वय एवं संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर सहमति जताई।
एसजेवीएन अपनी अधीनस्थ कंपनियों एसएपीडीसी और एसएलपीडीसी के माध्यम से नेपाल में जलविद्युत क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कंपनी की ये परियोजनाएं न केवल भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करेंगी, बल्कि क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ एवं सतत विद्युत उत्पादन और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।
