Spread the love

• कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं को हक गिनने के विपरीत धन्यवाद करना चाहिए

शिमला। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत 2271 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिसके लिए भाजपा का संपूर्ण नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करता है। 

सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 1438 किलोमीटर लंबाई की 294 नई और पुरानी सड़कों को इस चरण में शामिल किया गया है। इन सड़कों के निर्माण और उन्नयन से राज्य के सुदूरवर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं को केंद्र सरकार का धन्यवाद करना चाहिए, न कि इसे केवल ‘हक’ कहकर टालना चाहिए, क्योंकि यह केंद्र की विकासपरक नीतियों का परिणाम है कि प्रदेश को इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

कश्यप ने बताया कि इस योजना के तहत 250 से अधिक आबादी वाले गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक सड़कों की मंजूरी शिमला जिला को मिली है, जहां 97 सड़कों की कुल लंबाई 474 किलोमीटर है और इन पर 669 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बाद कुल्लू और चंबा जिलों में 65-65 सड़कों को मंजूरी दी गई है। चंबा में 228 किलोमीटर लंबी सड़कों पर 554 करोड़ रुपये, जबकि कुल्लू में 406 किलोमीटर लंबी सड़कों पर 564 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

सुरेश कश्यप ने कहा कि मंडी जिला में 23 सड़कें, जिनकी लंबाई 115 किलोमीटर होगी, के लिए 130 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सिरमौर जिला में 11 सड़कें, 59 किलोमीटर लंबाई की, और 86 करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है। किन्नौर जिला में 8 सड़कें, 64 किलोमीटर लंबाई की, जिन पर 96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

लाहौल-स्पीति में 2 सड़कें, कुल 30 किलोमीटर लंबाई की, 64 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएंगी। कांगड़ा जिला में 12 सड़कें, 23 किलोमीटर लंबाई की, और 47 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बिलासपुर जिला को 4 सड़कें, 19 किलोमीटर, और 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। हमीरपुर जिला में 2 सड़कें, 7 किलोमीटर, और 10 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएंगी। वहीं, ऊना जिला में भी 2 सड़कें, 5 किलोमीटर, पर 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इस चरण से हिमाचल के ग्रामीण बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर सुधार होगा और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझना चाहिए कि यदि केंद्र की आर्थिक सहायता न मिले तो प्रदेश में विकास की गति ठहर जाएगी। भाजपा, केंद्र सरकार की इस ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए प्रदेश की जनता की ओर से कृतज्ञता और धन्यवाद प्रकट करती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed