Spread the love

कुल्लू। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक का आयोजन सोमवार को कुल्लू में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मण्डी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित विकास योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करें ताकि आम जनता को इन योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

सांसद कंगना रनौत ने कहा कि विकास योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन न होने से जनता को उसका लाभ समय पर नहीं मिल पाता, इसलिए सभी विभाग समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरे करें। उन्होंने गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि शाढाबाई बाईपास पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए और सभी उठाए गए मुद्दों का मौके पर निरीक्षण कर समाधान किया जाए।

भारतीय संस्कृति को शिक्षा में शामिल करने पर जोर 

सांसद कंगना रनौत ने शिक्षा विभाग को सुझाव दिया कि पाठ्यक्रम में योग, शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ भारतीय गीता एवं पुराणों पर भी शिक्षा दी जाए, ताकि बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों की समझ विकसित हो सके।

महिला सशक्तिकरण को मिल रहा बढ़ावा

उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 3308 स्वयं सहायता समूह कार्यशील हैं, जिन्हें तीन लाख रुपये स्टार्टअप फंड के रूप में प्रदान किए गए हैं। इन समूहों से जुड़ी महिलाओं को आजीविका के लिए ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

सड़क एवं पुल निर्माण कार्य प्रगति पर

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 48 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं, सैंज में 13 करोड़ रुपये से दो पुलों के निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है।

जल जीवन मिशन में उल्लेखनीय प्रगति

जिले में जल जीवन मिशन के तहत 171 करोड़ रुपये की लागत से 146 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 107 योजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से काम चल रहा है। अमरूत योजना के तहत 1 करोड़ 43 लाख रुपये से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कृषि सिंचाई योजनाओं में निवेश

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत 48 करोड़ रुपये व्यय कर 13 सिंचाई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें से 9 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।

विधायकों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे

बैठक में विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर ने 16 किलोमीटर मलाणा सड़क को लोक निर्माण विभाग को सौंपने का सुझाव दिया। विधायक सुरेन्द्र शौरी ने लारजी में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि कम वोल्टेज की समस्या का समाधान हो सके। विधायक लोकेंदर ने आनी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाली को सुधारने की आवश्यकता जताई।

उपायुक्त तोरुल रवीश ने सासंद एवं विधायक गण का स्वागत किया तथा आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए सुझावों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा भविष्य में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रभाव की भी समीक्षा की जाएगी।बैठक की कार्यवाही का संचालन परियोजना अधिकारी डीआरडीओ जयवंती ठाकुर ने किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, अतिरिक्त जिला उपायुक्त, गैर सरकारी अधिकारी तथा समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed