Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 309 मामले पॉजिटिव आए हैं। उधर, विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह के कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने के बाद आइसोलेट हो गए हैं। भाजपा नेता व खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।

उधर, राज्य के कांगड़ा जिले में 57, हमीरपुर में 39, बिलासपुर जिले में 29, मंडी जिले में 28, चंबा जिले में 27, शिमला जिले में 25, किन्नौर और सोलन जिलों में 24-24, सिरमौर जिले में 21, ऊना में 17, लाहौल-स्पीति 12 और कुल्लू जिले में 6 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 12438 पहुंच गया है। इनमें से 7836 मरीज इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कोरोना संक्रमण से 288 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में अब 4458 एक्टिव केस हैं। 

प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रभारी पुरूषोतम गुलेरिया व उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने संपर्क में आए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को टेस्ट करवाने और आइसोलेटन होने का आग्रह किया है। पुरूषोतम गुलेरिया बीते तीन दिनों से रोहड़ू और चौपाल क्षेत्र के दौरे पर थे। दौरे में उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। यही नहीं, इस दौरान वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया के साथ उन्होंने भाजपा के रोहड़ू और चौपाल में हुए कार्यक्रमों में शिरकत भी की थी। 
मंडी जिला के सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार अपने घर ननाओं (पालमपुर) में आईसोलेट हो गए हैं। विपिन परमार ने सोशल मीडिया में खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राकेश जम्वाल ने पिछले दिन उनसे मुलाकात की थी और शाम को राकेश जम्वाल की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। लिहाजा, कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया है। बता दें कि जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा कुछ विधायक भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। 

इस बीच, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर का चालक कोरोना पॉजिटिव आया है। जानकारी के अनुसार चालक कार्यालय में भी आया है। इसके चलते मंत्री के वरिष्ठ निजी सचिव समेत 15 लोग क्वारंटीन हो गए हैं। वहीं, उद्योग मंत्री का दफ्तर भी बंद किया गया है। शिमला जिले में खलीनी, संजौली, बालूगंज, चौड़ा मैदान, चक्कर, सिरमौर, कोमली, बैंक, जुब्बल-कोटखाई, मशोबरा, छोटा शिमला, मतियाना, नेरवा, रोहड़ू, रामपुर में कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *