Spread the love
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भारी बारिश के चलते हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले कल तक प्रारंभिक आंकड़ों के आधार पर लगभग 15 करोड़ रुपए के नुकसान हुआ है और नुकसान का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार इस आपदा की घड़ी में आम जनमानस के साथ खड़ी है। इस आपदा के समय में लोगों को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से इस दौरान राहत कार्यों में सहयोग की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन भी कुछ ही समय में शुरू होने जा रहा है तथा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि भारी बारिश के चलते बंद हुई सड़कों को दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को सेब सीजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस बारिश में सबसे अधिक पंचायत की सड़के क्षतिग्रस्त हुई हैं। सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए आने वाले समय में जल निकासी की उचित व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ठियोग विस क्षेत्र में लगभग 49 संपर्क मार्ग बंद हुए थे जिसमें से आज लगभग 35 सड़कों को बहाल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस भारी बारिश के दौरान उत्पन्न हुई स्थिति के संदर्भ में केंद्र से भी बातचीत हुई है। उन्होंने केंद्र से प्रदेश को पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की।
लोगों से अतिअवशायक स्थिति में ही बाहर निकलने की अपील
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस समय अति आवश्यक स्थिति में ही बाहर निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस भारी बारिश के दौरान बाहर निकलना खतरों से भरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का इस समय मुख्य उद्देश्य लोगों के लिए मूलभूत सुविधाएं बहाल करना है।
निर्माणाधीन ठियोग बाईपास का किया निरीक्षण
शिक्षा मंत्री ने ठियोग बाईपास के निर्माणाधीन हिस्से का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ठियोग बाईपास सड़क को 15 अगस्त 2023 से पहले बहाल किया जाएगा ताकि लोगों को आवागमन की उचित व्यवस्था उपलब्ध हो सके। उन्होंने रईघाट-क्यारटू सड़क, वैली ब्रिज के समीप एवं स्नाई के पास धंसे हिस्से का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, उपमंडल दंडाधिकारी ठियोग सुरेंद्र मोहन, उपमंडलाधिकारी जुब्बल राजीव संख्यान, अध्यक्ष नगर परिषद ठियोग, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed