शिमला। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा ने “मिशन लोटस” के तहत देशभर में कांग्रेस नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करने की मुहिम चलाई है। मिशन लोटस के तहत 500 करोड़ रुपए का बजट हिमाचल के लिए भी भाजपा ने रखा है। उन्होंने पूछा कि अगर भाजपा का संगठन मजबूत है तो भाजपा इस तरह के हथकंडे क्यों अपना रही है? इससे लगता है कि भाजपा को अपने अंदर की सच्चाई पता है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव काफी नजदीक है और आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में ये गतिविधियां और भी बढ़ेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जो भाजपा में गए हैं उनको जय श्री राम। जिसने जाना है वो भी जाए, जिसने आना है वो आए। उन्होंने तंज में कहा कि हर्ष महाजन अगर बताकर जाते तो उनके लिए विदाई समारोह करते। फूल माला पहना कर उनको विदा करते।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हर्ष महाजन, वीरभद्र सिंह की सरकार में सबसे वफादार लोगों में से एक थे। पार्टी ने उनको हमेशा मान सम्मान दिया, लेकिन अब कैसे उनका हृदय परिवर्तन हुआ यह वो जाने। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन के जाने से कांग्रेस को रत्तीभर भी फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस दो तिहाई बहुमत से हिमाचल में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अनुभव और नेतृत्व की कमी नहीं है। वरिष्ठ और युवा नेता मिलकर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करेंगे और टिकटों में भी युवाओं को मौका दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के लोग बड़ी भूमिका अदा करते हुए नई सरकार प्रदेश में बनेगी। चुनावी वर्ष में भाजपा सरकार घोषणाएं कर रही है, जिसका सिर पैर नहीं है। विक्रमादित्य सिंह ने चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री से पूछा कि चम्याणा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए किसने बजट रखा था। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक लाभ के लिए अस्पताल का आनन-फानन में उद्घाटन किया है, जबकि स्टाफ की व्यवस्था वहां नहीं है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लेकर मुख्यमंत्री हवाई बाते कर रहे हैं। एक पैसा उसके लिए केंद्र से नहीं आया है। उन्होंने कहा कि 80 हजार करोड़ रुपए के निवेश की बातें हुई, लेकिन एक पैसे का निवेश भी प्रदेश में नहीं हुआ है। सरकारी खर्चे पर आज़ादी के अमृत महोत्सव के नाम पर चुनावी जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा। एक टके का योगदान भी भाजपा के नेताओं का देश के आज़ादी की लड़ाई में नहीं रहा है। लोगों के टैक्स के पैसे से जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सशक्त हैं और आगामी चुनावों में उपचुनाव की तरह कांग्रेस को समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में चुनाव प्रदेश के मुद्दों पर लड़े जाएंगे न कि मोदी के नाम पर। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंडी में रैली होनी थी। इसके लिए सरकार ने करोड़ों खर्चे, लेकिन न प्रधानमंत्री आए और न ही प्रदेश को कुछ मिला।
