Spread the love

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हुनरमंद युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसलिए सरकार युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दे रही है। मंगलवार को समीरपुर में वोडाफोन आइडिया फाउंडेशन के कौशल विकास केंद्र के कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में स्किल्ड युवाओं को कैरियर के बेहतर विकल्प उपलब्ध होते हैं और वे मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए जीवन में कोई भी मुकाम हासिल कर सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवा अपने आपको केवल सर्टिफिकेट और डिग्रियों तक ही सीमित न रखें। वे समय के साथ अपने स्किल को लगातार अपग्रेड एवं अपडेट करते रहें। इससे उन्हें न केवल रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि वे स्वयं सफल उद्यमी बनकर अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ऐसे युवाओं और नए उद्यमियों को प्रोत्साहित कर रही है तथा उन्हें मुद्रा योजना के माध्यम से आसानी से ऋण मुहैया करवा रही है। यही कारण है कि कोरोना संकट के बावजूद भारत में सबसे ज्यादा स्टार्टअप सामने आए हैं। इसी संकट के दौरान देश की 50 नई कंपनियों को स्टार्ट अप यूनीकॉर्न का दर्जा मिला है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि फाउंडेशन के कौशल विकास केंद्र के माध्यम से युवाओं को रिटेल सेक्टर और आईटी सेक्टर से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इससे इन युवाओं को बेहतर रोजगार मिल रहा है। इस केंद्र में अभी तक प्रशिक्षित 51 में से 29 युवाओं को बड़ी कंपनियों में रोजगार भी मिल चुका है। इनमें विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कौशल विकास केंद्र से प्रशिक्षित युवाओं को जॉब ऑफर लैटर भी प्रदान किए।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वोडाफोन आइडिया फाउंडेशन का यह वाहन जिला हमीरपुर में लोगों को डिजिटल लेन-देन, वित्तीय साक्षरता और वित्तीय प्रबंधन के संंबंध में जागरुक करेगा। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में यह वाहन महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। इससे जिलावासी अपनी आम दिनचर्या में डिजिटल प्रणाली अपनाएंगे तथा किसी भी तरह की वित्तीय धोखाधड़ी से बचेंगे।
इससे पहले वोडाफोन आइडिया फाउंडेशन के प्रमुख पी. बालाजी ने अनुराग सिंह ठाकुर का स्वागत किया तथा फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी दी। फाउंडेशन के अधिकारी डॉ. नीलेरंजन ने भी फाउंडेशन की ओर से आरंभ किए गए कौशल विकास कार्यक्रमों से अवगत करवाया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed