शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि सेवा और समर्पण अभियान में अभी तक 290 युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया है और 2000 से अधिक स्थानों अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में पार्टी के सभी सातों मोर्चा इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। वे मंगलवार को यहां भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक में बोल रहे थे। बैठक में भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक कपूर, त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल व कार्यक्रम संयोजक संजीव कटवाल उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा के सेवा और समर्पण अभियान की समीक्षा की गई। 21 दिन का यह अभियान 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत भाजपा देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन व सुशासन को एक पर्व के रूप में मना रहा है। बैठक में 25 सितंबर को भाजपा के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की योजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सुरेश कश्यप ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा इस दिन प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश के 5070 डिपो में राशन वितरण का कार्यक्रम करेगी। इस दिन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं मंत्री राजिंद्र गर्ग जनता से संवाद करेंगे। साथ ही सभी पार्टी नेता व चुने हुए प्रतिनिधि अपने- अपने मंडल में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह होंगे।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर हर बूथ पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर बूथ पर पंडित दीनदयाल की जीवनी पर एक वक्ता द्वारा उद्बोधन भी दिया जाएगा व रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान के तहत अनेकों स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम के प्रभारी प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा होंगे। कश्यप ने कहा कि उनका शुरू से ही मानना रहा है कि देश का विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक समाज के सभी वर्गों का योगदान उसमें समायोजित न हो। भाजपा ने वैचारिक, सामाजिक एवं विकास की दृष्टि से गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों को आगे बढ़ने की नीति पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, संसदीय क्षेत्र पूर्णकालिक विस्तारक, जिला प्रभारी सह-प्रभारी, जिला अध्यक्ष महामंत्री, मंडल अध्यक्ष व मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहे।
