ऊना। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने सोमवार को ऊना के ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ां व वनगढ़ के फत्तेवाल क्षेत्र में लगभग एक करोड़ रूपए की लागत से सम्पर्क सड़कों के सुधारीकरण के कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर रायपुर सहोड़ां में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वनगढ़ के फतेहवाल क्षेत्र में लगभग 55 लाख रुपए की लागत से चार अलग-अलग सम्पर्क सड़कों का निर्माण तथा रायपुर सहोड़ां में लगभग 29 लाख रुपए की लागत से सम्पर्क सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
सत्ती ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण स्तर पर सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रायपुर सहोड़ां के तालाब का जीर्णोंद्धार किया जाएगा, जिसके लिए 58 लाख रुपए का प्राकलन तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में ऊना विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में आधारभूत ढांचों को विकासित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुविधा के लिए गलियों, नालियों को पक्का किया जा रहा है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के भवनांे का सुधारीकरण व सौंदर्यकरण किया गया है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर पर 450 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिसमें 120 करोड़ रुपए से अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण स्थापित किए जाएंगे, ताकि मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ के स्तर की चिकित्सा सुविधाएं ऊना में ही प्राप्त हो सकें। उन्होंने लोगों को कोरोना महामारी के प्रति सजग रहने, उचित दूरी, मास्क व सेनेटाइजर का उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि इस कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने सभी लोगों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण की अपील भी की। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, बीडीसी सदस्य कांता देवी, रायपुर सहोडां के प्रधान रोहित कुमार, उप प्रधान हरजीत सिंह, राकेश कुमार, नरेंद्र, सहित विभागीय अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
