नगरोटा बगबां में चार दिवसीय बाल मेले का हुआ समापन
नगरोटा में 2 करोड़ 94 लाख की लागत से निर्मित निरीक्षण कुटीर का भी किया लोकार्पण
धर्मशाला। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के तहत विभिन्न योजनाओं पर 250 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है ताकि लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके। वे रविवार को नगरोटा में स्व. जीएस बाली की स्मृति में आयोजित चार दिवसीय मेले के समापन अवसर पर जनता को संबोधित कर रहे थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जीएस बाली ने राज्य के विकास में अमूल्य योगदान दिया है तथा सरकार में काबीना मंत्री रहते हुए अपने से संबंधित विभागों के आधुनिकीकरण के लिए पहल की है, जिसके चलते ही आज भी लोग जीएस बाली को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कांगड़ा जिला के लिए दो महत्वपूर्ण मध्यम सिंचाई परियोजनाओं स्वीकृत की गई हैं इन परियोजनाओं के माध्यम से जिला कांगड़ा के लगभग 160 गांवों को सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी जिससे हजारों किसान लाभान्वित होंगे तथा कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिला के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित ‘‘सूखाहार मध्यम सिंचाई परियोजना’’ को भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की तकनीकी सलाहकार समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। यह परियोजना लगभग 219 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। इस परियोजना के माध्यम से ज्वाली और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के 45 गांवों की 2,186 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे लगभग 24,120 ग्रामीणों को सीधा लाभ होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है तथा युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राजीव गांधी स्वरोजगार योजना लागू की है। अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है ताकि हिमाचल को पूरे देश के एक मॉडल राज्य के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी जीएस बाली को याद किया। उन्होंने कहा कि जीएस बाली एक दूरदृष्टा नेता थे जो हमेशा आम जनता की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। इससे पहले विधायक आरएस बाली ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आभार भी व्यक्त किया। इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री ने नगरोटा में 2 करोड़ 94 लाख की लागत से निर्मित निरीक्षण कुटीर का भी लोकार्पर्ण किया।
इस अवसर पर बाल मेला कमेटी की ओर से पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने 11 लाख का चेक सराज आपदा के लिए भेंट किया। इसके साथ ही डॉ. बरमानी ने एक लाख तथा कांगड़ा के पुजारियों ने 51 हजार का चेक उपमुख्यमंत्री को आपदा के लिए भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा, केसीसीबी के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व विधायक अजय महाजन, लघु बचत बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश कराड, परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व में प्रत्याशी रहे पुष्पिंद्र वर्मा, सहकारी बैक के अध्यक्ष संजय चौहान सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
