Spread the love

राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का किया विधिवत शुभारंभ 

चंबा। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को चंबा में अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि अपने एक हजार वर्षों के गौरवमयी कालखंड का साक्षी जिला चंबा अपने नैसर्गिक सौंदर्य व समृद्ध लोक कला-संस्कृति के लिए जाना जाता है। अपनी समृद्ध परंपराओं के लिए प्रसिद्ध ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला हिमाचल प्रदेश की अनूठी संस्कृति को प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम में लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उपस्थित थीं।

शिव प्रताप शुक्ल ने प्रदेशवासियों को विजय के प्रतीक माने जाने वाले मिंजर मेला-2025 की शुभकामनाएं देते हुए लोगों को उनकी प्रसन्नता और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों से पारंपारिक लोक संस्कृति व सामाजिक सौहार्द को संरक्षित रखने का आह्वान भी किया।

राज्यपाल ने नशीले एवं मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस सामाजिक बुराई के खिलाफ सामूहिक जागरूकता पर बल देते हुए युवाओं को इस बुराई से दूर रहने का परामर्श दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों कोे नशे के खिलाफ शपथ भी दिलवाई गई। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान नशे जैसी सामाजिक बुराई का प्रभावी संदेश देने के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राज्यपाल ने इससे पहले भगवान श्री रघुवीर एवं श्री लक्ष्मी नारायण को  मिंजर अर्पित की। उन्होंने पारंपरिक कूंजड़ी-मल्हार की मधुर स्वर लहरियों के साथ ध्वजारोहण कर मिंजर मेला-2025 का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने मिंजर मेला खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और उसमें गहरी रूचि दिखाई।

शिव प्रताप शुक्ल ने संपूर्णता अभियान के अंतर्गत जिला एवं उप-मंडल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। राज्यपाल को नगर परिषद की अध्यक्षा नीलम नैय्यर ने मिंजर भेंट की।  

शिव प्रताप शुक्ल को मिंजर मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सम्मानित किया।

मुकेश रेपसवाल ने कहा कि समिति द्वारा सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन में हर वर्ग की रुचि का ध्यान रखा गया है। चंबा जिला सहित प्रदेश के अन्य जिलों के कलाकारों को भी 8 दिनों तक चलने वाले इस मेले में अपनी प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उनकी धर्मपत्नी नीना पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, डॉ. हंस राज, डीएस ठाकुर और डॉ. जनक राज, अध्यक्ष जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति ललित ठाकुर, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, नगर परिषद के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *