Spread the love

मिनी स्टेडियम कल्पा में आयोजित 05 दिवसीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की

28 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम कल्पा को भव्य खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की

आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित

रिकांगपिओ। खेल को जीवन में शामिल करने से विद्यार्थी के सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण होता है। यह बात राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को जनजातीय जिला किन्नौर के मिनी स्टेडियम कल्पा में आयोजित 05 दिवसीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। 24 से 28 सितम्बर, 2024 तक आयोजित इस खेल-कूद प्रतियोगिता में जिला के 42 स्कूलों के कुल 547 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान हिमाचल सरकार युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए कड़े प्रयास कर रही है तथा इस प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के अलावा विद्यार्थियों को बेहतर तकनीक व उपकरण भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए तथा खेल को अपने जीवन में शामिल करना चाहिए ताकि एक स्वस्थ समाज व सशक्त देश का निर्माण संभव हो सके।

जनजातीय विकास ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी बहुत महत्व है। प्रदेश सरकार ने इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पोर्टस हॉस्टल में रह रहे खिलाड़ियों की डाइट मनी को 120 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 240 रुपये प्रतिदिन किया है। उन्होंने कहा कि खेल से जुड़कर विद्यार्थी का नैतिक तथा बौद्धिक विकास सुनिश्चित होता है और युवा अपनी उर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर जीवन में सफल बन सकते हैं।

राजस्व मंत्री ने बताया कि किन्नौर जिला के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत मिनी स्टेडियम कल्पा को 28 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य खेल स्टेडियम बनाया जाएगा जिसमें एथलेटिक ट्रैक, हॉकी तथा अन्य इंडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त कल्पा में आईस-स्केटिंग रिंक का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जिला एवं खण्ड स्तर पर बॉक्ंिसग, कबड्डी व एथलेटिक खेलों को बढ़ावा दे रही है ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवा सके।

कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की तथा साथ ही घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष किन्नौर महोत्सव में आयोजित होने वाली शहनाई वादन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 01 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने भव्य मार्च-पास्ट की सलामी ली तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गई।

कैबिनेट मंत्री ने आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। 05 दिवसीय इस खेल-कूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कानम ने ओवर-ऑल बैस्ट चैम्पियन का खिताब हासिल किया।

उप-निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा कुलदीप नेगी ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि का पारम्परिक ढंग से स्वागत किया तथा 05 दिवसीय खेल-कूद प्रतियोगिता के दौरान आयोजित की गई विभिन्न खेल स्पर्धाओं से अवगत करवाया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, उप-पुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, महिला कांग्रेस अध्यक्षा किन्नौर सरोज नेगी व ब्लॉक कांग्रेस कल्पा के अध्यक्ष जय किशन सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed