शिमला। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल और दिल्ली की तुलना नहीं की जा सकती है। शिक्षा में हिमाचल का मुकाबला केरल से है और दिल्ली इस मुकाबले में कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार और बिना दस्तावेज के हैं। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया ने शिमला में पूर्व नियोजित कार्यक्रम का आयोजन किया था, जहां कार्यक्रम और प्रश्नों का निर्णय पहले ही कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को इस तरह के ड्रामे को बंद करना चाहिए, जिसके जरिए वे आम जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
रणधीर शर्मा ने मंगलवार को यहां कहा कि कार्यक्रम में केवल आम आदमी पार्टी के सदस्य मौजूद थे और मनीष सिसोदिया के साथ बातचीत में शामिल थे। उन्होंने कहा कि सिसोदिया द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार और बिना दस्तावेज के हैं। उन्होंने कहा कि कई राष्ट्रीय सर्वेक्षणों में हिमाचल पहले स्थान पर है और हमें हिमाचल की शिक्षा प्रणाली के लिए बहुत सारे पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल केवल केरल के साथ प्रतिस्पर्धा में हैं और हमारी साक्षरता दर 96 फीसदी से अधिक है। शर्मा ने कहा कि भाजपा मनीष सिसोदिया से पूछा कि शिक्षा के मामले में दिल्ली कहां है। उन्होंने कहा कि दिल्ली शिक्षा समेत कई मामलों में हिमाचल से काफी पीछे है। उन्होंने कहा कि सिसोदिया द्वारा पेश किए गए सभी तथ्य और आंकड़े मनघड़ंत हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में उच्च शिक्षा के 6 लाख छात्र हैं और शिक्षा के सभी स्तरों पर हिमाचल में 14 लाख से अधिक नामांकित हैं।
रणधीर ने कहा कि मनीष सिसोदिया के सभी दावे केवल राजनीतिक फायदे के लिए हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिक्षा के सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है। जयराम ठाकुर सरकार ने कई गैर-नियमित शिक्षकों को नियमित किया है। वहीं, पूरे राज्य में छात्रों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। इसके लिए उनका 15 करोड़ का बजट है। यही नहीं, भाजपा सरकार प्रदेश में छात्रों को मुफ्त पोशाक, किताबें और स्कूल बैग दे रही है। शर्मा ने कहा कि हिमाचल और दिल्ली की तुलना नहीं की जा सकती है। दोनों राज्यों की भौगोलिक स्थितियां अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल एक ऐसा राज्य है, जहां 5 छात्रों के लिए भी स्कूल खोले हैं, क्योंकि बच्चों को लंबी दूरी तय कर स्कूल जाना पड़ता है।
