Spread the love

रिकांगपिओ। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने मंगलवार को यहां वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत जिले के पूह उपमण्डल के मालिंग गांव के 5 लाभार्थियों को भूमि के पट्टे प्रदान किए। जिन लोगों को पट्टे प्रदान किए गए, उनमें मालिंग गांव के छैरिंग नोडूप, रिंगजिन छोडूप, पदमा डेचन, शेराब ग्याचो व प्रेम सिंह शामिल हैं।
बता दें कि जनजातीय किन्नौर जिला के लोग पिछले लगभग 16 वर्षों से एफआरए के तहत भू-पट्टे मिलने का इंतजार कर रहे थे। प्रदेश सरकार ने जिले के लोगों की मांग पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला स्तरीय समिति को इस पर शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश दिए थे, जिसकी बदौलत आज 5 पात्र लाभार्थियों को पट्टे प्रदान किए गए।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत ग्राम व उपमण्डल स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया था, जिनकी संस्तुति पर जिला स्तरीय कमेटी ने 5 पात्र व्यक्तियों को पट्टे प्रदान करने का निर्णय लिया। इन पांचों द्वारा सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूर्ण की गई हैं। निकट भविष्य में ऐसे अन्य सभी मामलों जिन्होंने सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूर्ण की हैं, को भी पट्टे प्रदान कर दिए जाएंगे।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का किन्नौर जिले की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक का भी आभार व्यक्त किया जिनके अथक प्रयासों के कारण आज जिले के लोगों को भूमि का मालिकाना हक़ प्राप्त हो सका। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी पात्र व्यक्तियों को पट्टे उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
पंचायत समिति के सदस्य पदम दोरजे ने भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा उपायुक्त आबिद हुसैन का पट्टे प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन किन्नौर जिला वासियों के लिए ऐतेहासिक है। आज जिले के लोगों का लगभग 13 साल से संजोया सपना पूरा हुआ है। जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, जिला परिषद सदस्य शांता कुमार, पंचायत समिति सदस्य पदम दोरजे सहित पट्टा हासिल करने वाले पांचों व्यक्तियों ने भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा उपायुक्त का आभार जताया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed