Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेश महिला कांग्रेस ने “मैं भी लड़की हूं, लड़ सकती हूं” के नारे के साथ वीडियो प्रतियोगिता अभियान का शुभारंभ किया। प्रदेश महिला कांग्रेस मामलों की प्रभारी नीतू वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल के अतिरिक्त महिला कांग्रेस की अनेक पदाधिकारी मौजूद थी।
नीतू वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने देश की महिलाओं विशेष तौर पर लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने देश भर में इस विडियो प्रतियोगिता अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने इस अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी महिला कांग्रेस पार्टी की पदाधिकारी को छोड़कर इस अभियान का हिस्सा बन सकती है। उन्होंने कहा कि इसके तहत प्रतिभागियों को दो वर्गों में रखा गया है। एक वर्ग 18 साल तक है, जबकि दूसरा 18 साल से ऊपर की व्यस्क महिलाओं के लिए है। उन्होंने कहा कि इनमें उन्हें अपनी एक साहसिक व महिला प्रेरणा दायक वीडियो बनाकर कांग्रेस के दिए गए मेल आईडी, व्हाट्सएप और इंस्ट्राग्राम पर भेजनी होगी।
नीतू वर्मा ने बताया कि चयन समिति द्वारा जो वीडियो पुरस्कार के लिए चुना जाएगा, उस महिला को राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन-तीन विजताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस जैनब चंदेल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान आयोजित बैठक में शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर भी चर्चा की गई। महिला कांग्रेस नगर निगम चुनावों में बढ़-चढ़ कर भाग लेगी और जीतने वाली महिला उम्मीदवारों को चुनाव में उतारेगी। बैठक में कहा गया कि शिमला नगर निगम पर कांग्रेस का कब्जा होगा।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव शांता राज्टा, कविता कंवर, शशि ठाकुर, वृंदा सिंह, श्यामा कैन्थला, पुष्पा शोबटा, सत्या वर्मा, प्रभा वर्मा, सरिता चंदेल, पूर्व महापौर जैनी प्रेम, नगर निगम शिमला की पार्षद कुसुम ठाकुर, सिमी नन्दा के अलावा उमा मुदलियार ईशरा हेटा, कृष्णा सहित कई महिला कांग्रेस पधाधिकारयों सहित कार्यकर्ता मौजूद थी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed