शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीन नए कृषि कानूनों को वापिस लेने और किसानों की जीत की खुशी में सभी जिला मुख्यालयों में किसान विजय दिवस का आयोजन किया। शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी शहरी व ग्रामीण के सयुंक्त तत्वावधान में मॉल रोड स्थित शेरे-पंजाब के पास लोगों को मिठाई बांट कर अपनी खुशी का इज़हार किया। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने कहा कि आज देश के किसानों की जीत हुई है। देश में जय जवान, जय किसान को अपमानित करने की कोशिश करेगा, उसका यही हश्र होगा।
शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने इस दौरान कहा कि आज देश के किसानों की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि तीन नए कृषि कानून थोप कर मोदी सरकार ने किसानों के हितों को बेचने का जो कुप्रयास किया था, इनके रद्द करने की घोषणा से किसानों को राहत मिली है। इसके लिए देश के किसान बधाई के पात्र हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि भाजपा ने इस किसान आंदोलन को बदनाम करने और इसे विफल करने के लिए जो षड्यंत्र रचे, उससे सरकार की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के इस आंदोलन के लिए केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि किसानों की एकता ने सिद्ध कर दिया है कि देश एक है और एक रहेगा, इसे तोड़ा नहीं जा सकता।इस दौरान कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, यशपाल तनाईक, सुशांत कपरेट, बलदेब ठाकुर, कविता कंवर, कुसम्पटी ब्लॉक अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल, उमा वर्मा, कमलेश ठाकुर, पुष्पा शोभटा, शशि ठाकुर, ऊषा ठाकुर, मुस्कान, मोहन नेगी, सेनराम नेगी, चंद्र शेखर शर्मा, नीरज बक्शी सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
